उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने आज लहरा कांवड़ स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग से होकर गुजरते हैं, ऐसे में प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर यह निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को यात्रा के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
क्या-क्या देखा निरीक्षण में
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कांवड़ मार्ग, घाट, श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक इंतजामों का मौके पर जाकर गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर बनाई गई अस्थायी व्यवस्थाओं, आवागमन मार्ग की स्थिति तथा सुरक्षा बलों की तैनाती का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारू, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनी रहें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी हिदायत दी कि वे स्वयं मौके पर जाकर निगरानी करें और किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए।
DM ने दिए ये अहम निर्देश
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घाट एवं कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था बनाए रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध निरंतर प्रभावी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में कोताही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए।
मौके पर कौन-कौन रहा मौजूद
निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी कासगंज एस0एन0 त्रिपाठी एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद सोरों हर्षिता देवड़ा मौके पर उपस्थित रहीं। इस दौरान संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी निरीक्षण में जिलाधिकारी के साथ रहे और उन्हें व्यवस्थाओं की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।
जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के पूरे कार्यकाल के दौरान इसी तरह लगातार निरीक्षण किए जाते रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट: अनुज गुप्ता | कासगंज


