Parliament Winter Session 2024 : संसद के शीतकालीन सत्र का आज यानी मंगलवार को छठवां दिन है। लेकिन सदन शुरू होने से पहले विपक्षी INDIA गठबंधन के नेताओं ने अडाणी और उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA ब्लॉक के अन्य नेता शामिल रहे।
Parliament Winter Session 2024 : देश को चलाने के लिए संसद चलना बहुत जरूरी
विपक्ष के प्रदर्शन पर केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि ‘देश को चलाने के लिए संसद चलना बहुत जरूरी है। संसद की कार्यवाही अगर ठीक से नहीं होगी तो उसका सबसे ज्यादा नुकसान देश और विपक्ष के सांसदों को होता है। हम बिना चर्चा के भी बिल पास कर सकते हैं, क्योंकि हमारे पास बहुमत है। हालांकि ऐसा करना हमें ठीक नहीं लगता है।
Parliament Winter Session 2024 : अडाणी मुद्दे पर क्या बोले रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री ने अडाणी मुद्दे पर कहा कि अगर किसी दूसरे देश में किसी भारतीय के खिलाफ कोर्ट में कोई आदेश आता है तो क्या सदन में उसकी चर्चा हमेशा जारी रहेगी? विपक्ष के कई सांसद इस बात को महसूस कर रहे हैं कि सदन को बाधित करना न तो देश हित में है और न ही विपक्ष के हित में है। हम 13 और 14 तारीख को लोकसभा में और 16 व 17 तारीख को राज्यसभा में संविधान पर चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ पक्ष और विपक्ष के फ्लोर लीडर्स की सोमवार को मीटिंग हुई थी। मीटिंग में तय किया गया था कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों को ठीक से चलाया जाएगा। विपक्ष के नेताओं ने कुछ मांगे रखी जिसे मान लिया गया था।



