Esmail Khatib Killed: मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) में जारी भीषण संघर्ष के बीच इजरायल ने ईरान को एक और बड़ा जख्म देने का दावा किया है। इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने बुधवार को घोषणा की कि इजरायली वायुसेना ने रात भर चले एक सटीक हवाई हमले में ईरान के खुफिया मंत्री (Intelligence Chief) इस्माइल खतीब को मार गिराया है। यह हमला तेहरान में एक लक्षित (टारगेटेड) ऑपरेशन के तहत किया गया। हालांकि, इस दावे पर ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इस खबर ने वैश्विक स्तर पर तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है।
यह घटनाक्रम ईरान के लिए एक बड़े रणनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि कल ही इजरायल ने ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी और बसीज फोर्स के प्रमुख गोलामरेजा सुलेमानी को खत्म करने का दावा किया था। इजरायली रक्षा मंत्री काट्ज ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आदेश का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि ईरानी शासन के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी को अब बिना किसी अतिरिक्त अनुमति के निशाना बनाया जा सकता है। इस सिलसिलेवार हमलों ने ईरान के सुरक्षा तंत्र की कमर तोड़ दी है।
तेहरान में आधी रात को हुआ सर्जिकल स्ट्राइक
इजरायल के मुताबिक, यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया था। ‘अल जजीरा’ की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा कि इस्माइल खतीब तेहरान में एक सुरक्षित ठिकाने पर थे, जिसे इजरायली मिसाइलों ने निशाना बनाया। यह हमला इजरायल और अमेरिका द्वारा 28 फरवरी से ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक सैन्य अभियान का हिस्सा है। (Esmail Khatib Killed)
कौन थे इस्माइल खतीब?
इस्माइल खतीब ईरान के शक्तिशाली खुफिया मंत्रालय के प्रमुख और एक प्रभावशाली शिया धर्मगुरु थे। उन्होंने 1980 के दशक में ईरान-इराक युद्ध के दौरान रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) में अपनी सेवाएं दी थीं। साल 2022 में, अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने उन पर साइबर जासूसी और वैश्विक स्तर पर रैनसमवेयर हमलों के नेटवर्क को संचालित करने का आरोप लगाते हुए प्रतिबंध लगाए थे। वे ईरान के आंतरिक और बाहरी सुरक्षा तंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माने जाते थे। (Esmail Khatib Killed)

ईरान के शीर्ष नेतृत्व का सफाया
पिछले कुछ हफ्तों में ईरान ने अपने कई बड़े दिग्गजों को खोया है। इस सूची में न केवल सुरक्षा अधिकारी और जनरल शामिल हैं, बल्कि दावा किया जा रहा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई शीर्ष नेता भी इन हमलों की जद में आए हैं। ईरान ने इन हत्याओं को ‘कायरतापूर्ण’ करार देते हुए इजरायल से भीषण बदला लेने की कसम खाई है। (Esmail Khatib Killed)
Nepal Aviation News: खोटांग में लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर क्रैश, शव ले जा रही उड़ान हादसे का शिकार
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और युद्ध के नियम
तुर्की के विदेश मंत्री हकन फिदान ने इजरायल की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे ‘युद्ध के सामान्य नियमों से परे एक गैरकानूनी गतिविधि’ बताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि खुफिया प्रमुख की मौत के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई पूरे क्षेत्र को एक ऐसी आग में झोंक सकती है, जिसे बुझाना अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए नामुमकिन होगा। (Esmail Khatib Killed)



