रिपोर्टर – आदिल चौधरी
Hapur News : सिंभावली क्षेत्र में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशानुसार राजकीय पशु चिकित्सालय सिंभावली में आयोजित हुआ, जहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस योजना और 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इस योजना का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक मुफ्त पहुंचाना है।
Hapur News : पंचायत स्तर तक पहुंचाई जा रही है योजना
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध है। जनपद हापुड़ में इस योजना से जुड़े 22 निजी अस्पताल और सभी सरकारी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। पात्र नागरिक पंचायत सचिवालय में पंचायत सहायक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर या जन सेवा केंद्र पर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।

Hapur News : शत-प्रतिशत कार्ड बनाने का लक्ष्य
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हापुड़ ने बताया कि जनपद के समस्त 70 वर्ष से अधिक आयु वाले वरिष्ठ नागरिकों और योजना में चिन्हित लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड 100 प्रतिशत बनाए जाएंगे। इसके लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रह जाए।
यह कैंप न केवल कार्ड बनाने तक सीमित रहा, बल्कि लोगों को योजना की जानकारी देने और उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का भी माध्यम बना। इस प्रयास से स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सरकार का सपना साकार होता दिख रहा है।
यह भी पढ़े- Ghaziabad News : सावन में कांवड़ियों का जोश चरम पर, यूपी पुलिस के स्वागत में गूंजे ज़िंदाबाद के नारे



