Ghaziabad News: बुधवार रात आए तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश ने गाजियाबाद शहर का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा के चलते कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, सिगनेज व होर्डिंग्स टूटकर बिखर गए। हालात को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने तत्परता दिखाते हुए रात्रि में ही अलर्ट मोड पर कार्य शुरू कर दिया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम की 25 टीमों को तुरंत सड़कों पर तैनात किया गया। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि बिना किसी देरी के व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए रात में ही कार्यवाही शुरू की जाए।
120 पेड़ गिरे, 22 जेसीबी और 60 पंपसेट लगाए गए

Ghaziabad News: अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने जानकारी दी कि तेज तूफान के कारण लगभग 120 पेड़ गिर गए, जिससे कई मार्ग अवरुद्ध हो गए। उद्यान विभाग की टीम ने माली, सुपरवाइजर, उद्यान निरीक्षक और प्रभारी के साथ मिलकर रातभर कार्य करते हुए गिरे हुए वृक्षों को हटाया। ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य करने में भी विभाग ने अहम भूमिका निभाई।
इसके साथ ही, नगर निगम द्वारा 22 से अधिक जेसीबी और बुलडोजर लगाए गए ताकि सड़कों से अवरोध हटाए जा सकें। स्वास्थ्य विभाग ने सफाई मित्रों की टीम के साथ मिलकर सफाई व्यवस्था को संभाला।
जलभराव से निपटने के लिए 60 पंपसेट
Ghaziabad News: तूफान के चलते कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई थी, जिसे देखते हुए जलकल विभाग ने तत्काल प्रभाव से 60 पंपसेट लगाकर जल निकासी का कार्य किया। प्रकाश विभाग की टीम ने गिरे हुए बिजली के खंभों को हटाने का कार्य रातभर जारी रखा। शहर में कुल 10 स्थानों से बिजली के पोल गिरने की शिकायतें प्राप्त हुईं।
तारों में उलझे वृक्ष, मौके पर किया गया हटाने का कार्य

Ghaziabad News: भारी तूफान के कारण कई पेड़ों में बिजली के तार लिपट गए थे, जिससे खतरा बढ़ गया था। ऐसे वृक्षों को मौके पर ही काटकर हटाया गया। उद्यान विभाग की तत्परता और ट्रैफिक सहयोग को नगर आयुक्त ने सराहा।
नगर निगम के सभी विभागों की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया से गाजियाबाद में तूफान के बाद उत्पन्न हालातों पर नियंत्रण पाया गया और जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है।



