ब्यूरो : हरेन्द्र शर्मा
Hapur News : थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा स्थित प्राचीन मंदिर से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की राधा जी और लड्डू गोपाल की पीली धातु की मूर्तियां चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को मंगलवार तड़के गौशाला चौराहे के पास मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी को मंसूरपुर कट के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी गई मूर्तियों के अलावा एक मोपेड, एक तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Hapur News : 18 मई की रात हुई थी चोरी
एएसपी विनीत भटनागर सिंह ने बताया कि 18 मई की रात कुछ अज्ञात चोरों ने थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा स्थित एक मंदिर से पीली धातु की मूर्तियां और अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। मंगलवार तड़के थाना देहात प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान अपनी टीम के साथ गौशाला चौराहे के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोपेड सवार दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर एक बदमाश ने फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे मौके पर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोतवाली नगर क्षेत्र के फ्रीगंज रोड स्थित निराश्रय सेवा समिति निवासी अभय उर्फ लुक्का के रूप में हुई है।
अभय से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके साथी रितिक, जो निराश्रय सेवा समिति का ही निवासी है, को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है, और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़े…
https://lokhitkranti.com/hapur-news-fake-degree-scam-in-monad-university-12-arrested-including-chairman-in-a-major-action-by-stf/



