Mahakumbh 2025 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर कई जेलों में बंदियों को महाकुंभ के पवित्र संगम के जल से स्नान कराया जा रहा है। जेल प्रशासन कुंभ से जल लाकर बंदियों को स्नान करा रहा है। इसी क्रम में गाजियाबाद जिले की डासना जिला जेल में कैदियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां जेल में आज शुक्रवार को कुंभ कलश की स्थापना की गई। जिस कलश में त्रिवेणी संगम का पवित्र जल मिलाया गया है।
Mahakumbh 2025 : पूजा-पाठ के बाद त्रिवेणी का जल मिलाया
आपको बता दें कि जेल सुपरिंटेंडेंट सीताराम शर्मा खुद त्रिवेणी से जल लाए है। उन्होंने बताया है कि जेल में बंद 4000 कैदियों के लिए उन्होंने त्रिवेणी में 4000 डुबकी लगाई। यह व्यवस्था उन कैदियों के लिए की गई है जो प्रयागराज संगम नहीं जा सकते। कुंभ कलश की स्थापना से पहले पूर्ण विधि-विधान का पालन किया गया। पूजा-पाठ और हवन के बाद ही कलश में त्रिवेणी का जल मिलाया गया। कलश को भगवान गणेश की मूर्ति, फूलों और पौधों से सजाया गया। इस खास अवसर पर मेरठ रेंज के डीआईजी जेल आईपीएस सुभाष चंद्र शाक्य भी उपस्थित रहे।

इससे पहले नोएडा जिला जेल में 2941 बंदियों ने कुंभ के जल से स्नान किया था। जेल अधीक्षक बृजेश कुमार ने बताया था कि जेल में पूजा-अर्चना के बाद संगम का जल पानी में मिलाकर बंदियों को स्नान कराया गया। जेल परिसर में सबसे पहले पूजा-अर्चना की गई। जिसके बाद संगम से लाए गए जल को पानी में मिलाकर बंदियों को स्नान करवाया गया। इसी तरह रामपुर जिले में भी जेल में करीब 300 बंदियों को यह सुविधा दी गई।



