Ankita Bhandari Case: उत्तराखंड के बहुचर्चित Ankita Bhandari Case ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति को झकझोर कर रख दिया है। वर्ष 2022 की इस घटना को लेकर बीते कुछ समय से मामला शांत होता दिख रहा था, लेकिन 2025 के अंतिम दिनों में अचानक सामने आए नए आरोपों और वीडियो ने पूरे प्रदेश में सियासी भूचाल ला दिया। इस बार विवाद के केंद्र में हैं बीजेपी से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी व फिल्म अभिनेत्री उर्मिला सनावर।
वीडियो से शुरू हुआ नया विवाद
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने Ankita Bhandari Case से जुड़े एक कथित ‘VIP’ का उल्लेख करते हुए बातचीत से जुड़े ऑडियो सामने लाने का दावा किया। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। देखते ही देखते मामला सोशल मीडिया से निकलकर सड़कों और विधानसभा की राजनीति तक पहुंच गया।
READ MORE: Ankita Bhandari Case पर सीएम धामी का सख्त संदेश, दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा!
विपक्ष का हमला, जनता भी उतरी सड़कों पर
उर्मिला सनावर के दावों के बाद विपक्षी दलों को सरकार पर हमला बोलने का एक बड़ा मुद्दा मिल गया। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और निष्पक्ष जांच की मांग तेज कर दी। कई सामाजिक संगठनों ने भी प्रदर्शन शुरू कर दिए। देहरादून में सीएम आवास कूच की स्थिति तक बन गई और सीबीआई जांच की मांग जोर पकड़ने लगी।
मुकदमे दर्ज, फिर हुए अंडरग्राउंड
मामले के तूल पकड़ते ही सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। इसके बाद दोनों सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए, जिससे यह चर्चा तेज हो गई कि वे अंडरग्राउंड हो गए हैं। हालांकि, इस दौरान भी उर्मिला सोशल मीडिया पर सक्रिय रहीं और समय-समय पर वीडियो जारी कर अपनी बात रखती रहीं। एक वीडियो में वह भावुक होकर पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाती भी दिखीं।
उत्तराखंड की बड़ी खबर देखने के लिये क्लिक करे
बीजेपी की सख्ती और नेतृत्व की प्रतिक्रिया
इस पूरे विवाद पर बीजेपी नेतृत्व भी सख्त नजर आया। 5 जनवरी को बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने इस मामले में नाम घसीटे जाने को लेकर सुरेश राठौर, उर्मिला सनावर और कुछ राजनीतिक दलों के खिलाफ पार्टी की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। इसके अगले ही दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सार्वजनिक रूप से बयान देते हुए कहा कि सरकार किसी भी जांच से पीछे नहीं हटेगी और कानून के दायरे में हर कदम उठाया जाएगा।
हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद बोले सुरेश राठौर
इसी बीच सुरेश राठौर को नैनीताल हाईकोर्ट से दो मामलों में राहत मिली। कोर्ट ने दोनों मुकदमों में उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। इसके बाद सुरेश राठौर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो जारी कर कहा कि वह जल्द ही पुलिस और प्रशासन के सामने उपस्थित होकर जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं और वह सभी तथ्यों को जांच एजेंसियों के समक्ष रखेंगे।
Latest News Update Uttar Pradesh News,उत्तराखंड की ताज़ा ख़बर
देहरादून पहुंचीं उर्मिला, अहम सबूतों का दावा
दूसरी ओर उर्मिला सनावर ने भी एसआईटी जांच में सहयोग करने की बात कही है। प्रशासन से सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद वह देहरादून पहुंच गई हैं। फिलहाल वह एक निजी होटल में ठहरी हुई हैं और पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। उर्मिला का दावा है कि उनके पास ऐसे पुख्ता सबूत हैं, जो Ankita Bhandari Case को न्याय दिलाने में निर्णायक साबित हो सकते हैं।
राजनीति बनाम न्याय, जांच पर टिकी नजरें
Ankita Bhandari Case एक बार फिर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के केंद्र में आ गया है। जहां एक ओर सरकार निष्पक्ष जांच का भरोसा दिला रही है, वहीं विपक्ष लगातार दबाव बना रहा है। अब सबकी निगाहें SIT की जांच और आगे होने वाली पूछताछ पर टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि क्या इस बार जांच किसी ठोस निष्कर्ष तक पहुंचती है या फिर यह मामला सियासी बयानबाजी की भेंट चढ़ जाता है।



