Ravichandran Ashwin Viral Video: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना है। पूरा देश टीम इंडिया की जीत की दुआ कर रहा है, लेकिन इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी है। अश्विन द्वारा साझा किए गए इस वीडियो को देखकर भारतीय क्रिकेट फैंस बेहद नाराज हैं और उन पर अपनी ही टीम की रणनीति लीक करने के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। आलम यह है कि कुछ फैंस ने तो अश्विन को सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल करना शुरू कर दिया है।
दरअसल, अश्विन ने इस वीडियो में भारतीय टीम के इन-फॉर्म ऑलराउंडर शिवम दुबे की कमजोरी का विश्लेषण किया है। वीडियो में अश्विन यह बताते नजर आ रहे हैं कि कीवी गेंदबाज कैसे शिवम दुबे को रन बनाने से रोक सकते हैं और उन्हें आउट कर सकते हैं। अश्विन का यह ‘एनालिसिस’ वीडियो अंग्रेजी में है, जिसे लेकर फैंस का दावा है कि इससे न्यूजीलैंड की टीम को भारत के सबसे बड़े मैच विनर के खिलाफ रणनीति बनाने में सीधी मदद मिल सकती है। फैंस इस बात से हैरान हैं कि एक पूर्व भारतीय खिलाड़ी फाइनल जैसे बड़े मैच से ठीक पहले अपने ही देश के बल्लेबाज की कमियां दुनिया के सामने क्यों उजागर कर रहा है।
क्या है अश्विन का वो सुझाव जिस पर मचा है बवाल?
वीडियो में अश्विन ने शिवम दुबे के बैटिंग स्टाइल का बारीकी से विश्लेषण किया है। उन्होंने विरोधी गेंदबाजों को सलाह देते हुए कहा, ‘शिवम दुबे को लेग साइड के बाहर या ऑफ स्टंप के काफी बाहर गेंदबाजी की जाए। गेंद को दुबे की पहुंच से दूर रखें और उन्हें कट शॉट खेलने के लिए मजबूर करें, क्योंकि वे विकेट के सामने (Straight) बहुत मजबूत हैं।’ अश्विन का यह तकनीकी सुझाव फैंस को रास नहीं आ रहा है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, ‘क्या अश्विन चाहते हैं कि भारत यह फाइनल हार जाए?’, वहीं दूसरे ने लिखा, ‘यह सीधे तौर पर न्यूजीलैंड की मदद करना है।’ (Ravichandran Ashwin Viral Video)
T20 World Cup 2026 Final: अगर बारिश ने बिगाड़ा खेल तो क्या होगा फैसला? जानिए ICC का पूरा नियम
टीम इंडिया का सबसे बड़ा ‘ट्रम्प कार्ड’
शिवम दुबे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक विध्वंसक बल्लेबाजी की है। उन्होंने बतौर फिनिशर 34.83 की औसत से 209 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 160 के करीब रहा है। वे टूर्नामेंट में एक अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। इतना ही नहीं, अपनी मध्यम गति की गेंदबाजी से उन्होंने 5 विकेट भी चटकाए हैं। अंतिम ओवरों में लंबे छक्के मारने की उनकी काबिलियत न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ा खतरा मानी जा रही है, और अश्विन का वीडियो इसी खतरे को कम करने की बात कर रहा है। (Ravichandran Ashwin Viral Video)

बदला लेने का आखिरी मौका
पिछले 6 सालों में भारत और न्यूजीलैंड आईसीसी नॉकआउट मैचों में चार बार भिड़ चुके हैं, जहां दोनों टीमों ने 2-2 मैच जीते हैं। 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल और 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की कड़वी यादें आज भी फैंस के जेहन में ताजा हैं। ऐसे में अश्विन का यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब टीम इंडिया मानसिक रूप से बेहद मजबूत रहने की कोशिश कर रही है। (Ravichandran Ashwin Viral Video)
फैंस की नाराजगी और देशप्रेम पर बहस
अश्विन भले ही इसे एक ‘क्रिकेटिंग एनालिसिस’ के तौर पर देख रहे हों, लेकिन टाइमिंग ने उन्हें कठघरे में खड़ा कर दिया है। कुछ फैंस इसे अश्विन का ‘क्रिकेट ज्ञान’ बताकर उनका बचाव कर रहे हैं, तो वहीं अधिकांश फैंस इसे ‘असमय और अनुचित’ करार दे रहे हैं। अब देखना यह होगा कि क्या अश्विन इस विवाद पर कोई सफाई देते हैं या फिर मैदान पर शिवम दुबे अपने बल्ले से अश्विन के इस विश्लेषण को गलत साबित करते हैं। (Ravichandran Ashwin Viral Video)



