PM Modi Kolkata Rally: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार के खिलाफ चौतरफा हमला बोला। ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बंगाल की मौजूदा स्थिति को ‘महाजंगलराज’ करार दिया और आरोप लगाया कि यहां तुष्टीकरण की राजनीति के चलते बहुसंख्यक हिंदुओं को हाशिए पर धकेला जा रहा है। उन्होंने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि बंगाल की धरती पर अब इस ‘निर्मम सरकार’ का अंत करीब है और बहुत जल्द यहाँ फिर से कानून का राज स्थापित होगा।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में टीएमसी सरकार पर केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को जानबूझकर रोकने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ममता सरकार की स्वार्थी राजनीति के कारण बंगाल के करोड़ों गरीब परिवार आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी सुविधाओं से वंचित हैं। पीएम मोदी ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड के इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि जिस तरह यहाँ से कभी अंग्रेजी हुकूमत के खात्मे की शुरुआत हुई थी, वैसे ही आज ‘नये बंगाल’ की क्रांति का बिगुल बज चुका है। (PM Modi Kolkata Rally)
पीएम मोदी का बड़ा आरोप
कोलकाता की रैली में प्रधानमंत्री ने सांप्रदायिक और सामाजिक असंतुलन का मुद्दा उठाते हुए कहा, ‘बंगाल में हिन्दुओं को अल्पसंख्य बनाया जा रहा है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा। अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा।’ उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के चक्कर में बंगाल की अस्मिता और सुरक्षा के साथ समझौता किया जा रहा है। पीएम ने जनसैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि टीएमसी ने रैली में आने वाली जनता को ‘चोर’ कहकर अपमानित किया है, जबकि असली चोर कौन है, यह बंगाल की जनता भली-भांति जानती है। (PM Modi Kolkata Rally)
UP Assembly Election 2026: BJP ने तैयार किया नया प्लान, सवर्ण नाराजगी को करेगी खत्म
केंद्र की योजनाओं को रोकने का लगाया आरोप
पीएम मोदी ने आयुष्मान भारत योजना का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि देश भर के करोड़ों लोग 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ उठा रहे हैं, लेकिन बंगाल के परिवारों को इससे वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा, ‘ये TMC वाले न खुद काम करेंगे, न करने देंगे। जब तक इनको अपना ‘कटमनी’ नहीं मिल जाता, ये किसी भी योजना को गांव और गरीब तक नहीं पहुंचने देते।’ पीएम ने पीएम आवास योजना में नाम बदलने और लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ी करने का भी मुद्दा उठाया। (PM Modi Kolkata Rally)

भ्रष्टाचार और नौकरियों की नीलामी पर प्रहार
युवाओं के पलायन और बेरोजगारी पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल के युवाओं के पास प्रतिभा है, लेकिन यहाँ की सरकार ने उन्हें ‘पलायन का अभिशाप’ दिया है। उन्होंने कहा, ‘TMC सरकार में नौकरियां खुलेआम बेची जा रही हैं, भर्तियों में बड़े-बड़े घोटाले हो रहे हैं। पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब TMC—ये लोग एक के बाद एक आते रहे और अपनी जेबें भरते रहे।’ पीएम ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल के युवाओं को उनके घर में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे। (PM Modi Kolkata Rally)
जब चर्चा का वक्त आता है, तो लंदन-जर्मनी चले जाते हैं… लोकसभा में अमित शाह का राहुल गांधी पर वार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का उठाया मुद्दा
प्रधानमंत्री ने ममता सरकार पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के बंगाल आगमन पर अहंकार में डूबी सरकार ने न केवल कार्यक्रम का बहिष्कार किया, बल्कि कुप्रबंधन भी दिखाया। पीएम मोदी के अनुसार, ‘एक आदिवासी बेटी इतने बड़े पद पर है, यह इनसे देखा नहीं गया। यह सिर्फ द्रौपदी मुर्मू जी का अपमान नहीं, बल्कि देश के संविधान का अपमान है।’ (PM Modi Kolkata Rally)
‘महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद हमारे साथ’
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने बंगाल की महान विभूतियों—स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए के साथ ‘महिषासुर मर्दिनी’ का आशीर्वाद है और परिवर्तन की इस आंधी को अब कोई नहीं रोक पाएगा। उन्होंने बंगाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लेफ्ट के गुंडे अब टीएमसी के सिपाही बन चुके हैं और अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है, लेकिन अब बदलाव का समय आ गया है। (PM Modi Kolkata Rally)



