Why Childhood Memories Last Longer: क्या आपको अपने बचपन का कोई खिलौना, स्कूल का पहला दिन या किसी खास दोस्त के साथ बिताया एक पल आज भी साफ़-साफ़ याद है, लेकिन यह याद नहीं कि पिछले हफ्ते आपने डिनर में क्या खाया था? अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं। यह अनुभव लगभग हर इंसान (Why Childhood Memories Last Longer) के साथ होता है। बचपन की यादें अक्सर ज़्यादा रंगीन, भावनात्मक और ज़िंदा लगती हैं, जबकि हालिया घटनाएं जल्दी दिमाग से फिसल जाती हैं। आख़िर ऐसा क्यों होता है? इस दिलचस्प सवाल का जवाब दे रहे हैं Dr. Samant Darshi, निदेशक (मनोचिकित्सा), Yatharth Hospital।
भावनाओं से गहराई से जुड़ी होती हैं बचपन की यादें
बचपन की यादों (Why Childhood Memories Last Longer) के मज़बूत होने की सबसे बड़ी वजह हमारी भावनाएं हैं। बचपन के कई अनुभव जैसे स्कूल का पहला दिन, किसी प्रिय खिलौने का मिलना, जन्मदिन की पार्टी या परिवार के साथ की गई कोई यात्रा खुशी, डर, उत्साह या हैरानी जैसी तीव्र भावनाओं से जुड़े होते हैं। मानव मस्तिष्क भावनात्मक घटनाओं को ज़्यादा महत्व देता है। जिन पलों में भावना होती है, वे यादें दिमाग में गहराई से दर्ज हो जाती हैं, जबकि रोज़मर्रा की सामान्य और भावनाहीन घटनाएं जल्दी भुला दी जाती हैं।
हर अनुभव होता है नया और अनोखा
बचपन में दुनिया हमारे लिए बिल्कुल नई होती है। पहली बार साइकिल चलाना, पहली बार स्कूल जाना, पहली बार किसी मेले में जाना ये सभी अनुभव ‘पहली बार’ होने के कारण दिमाग पर गहरी छाप छोड़ते हैं। इसके उलट, वयस्क जीवन में ज़्यादातर दिन एक जैसे रूटीन में गुजरते हैं काम, घर, मोबाइल, नींद। जब घटनाओं में नया कुछ नहीं होता, तो दिमाग उन्हें अलग-अलग याद के रूप में सुरक्षित नहीं रखता, और वे आपस में मिलकर धुंधली हो जाती हैं।

कहानियों और यादों का बार-बार दोहराव
बचपन की यादें (Why Childhood Memories Last Longer) इसलिए भी मज़बूत रहती हैं क्योंकि उन्हें बार-बार दोहराया जाता है। परिवार के सदस्य अक्सर बचपन के किस्से सुनाते रहते हैं ‘जब तुम छोटे थे तब…’ हर बार जब हम किसी याद को दोहराते हैं या उसके बारे में बात करते हैं, तो वह याद और पक्की होती चली जाती है। वैज्ञानिक रूप से इसे मेमोरी रिइनफोर्समेंट कहा जाता है। हालिया घटनाओं के साथ ऐसा कम होता है, इसलिए वे जल्दी फीकी पड़ जाती हैं।
बच्चों का तनावमुक्त और खुला दिमाग
बचपन में ज़िम्मेदारियां बहुत कम होती हैं। न बिल की चिंता, न काम का दबाव, न भविष्य का तनाव। बच्चों का दिमाग अपेक्षाकृत शांत और खुला होता है, जिससे वह जानकारी को बेहतर तरीके से ग्रहण और सहेज पाता है। वहीं, वयस्कों का दिमाग मल्टीटास्किंग, तनाव, नींद की कमी और डिजिटल ओवरलोड से घिरा रहता है। इस मानसिक बोझ के कारण नई यादों को साफ़-साफ़ स्टोर करना कठिन हो जाता है।
दिमाग का ‘फिल्टर सिस्टम’
हमारा दिमाग हर जानकारी को संभाल कर नहीं रखता। वह एक तरह से फिल्टर की तरह काम करता है और केवल उन्हीं बातों को सुरक्षित रखता है, जो उसे ज़रूरी या अर्थपूर्ण लगती हैं। बचपन की यादें अक्सर हमारी पहचान और व्यक्तित्व से जुड़ी होती हैं, इसलिए वे लंबे समय तक सुरक्षित रहती हैं। इसके विपरीत, ‘कल क्या खाया’ जैसी जानकारी को दिमाग कम अहम मानता है और जल्दी हटा देता है।
कुल मिलाकर क्या समझें?
भावनाएं, नए अनुभव, कहानियों का दोहराव, कम तनाव और दिमाग (Why Childhood Memories Last Longer) की चयन करने की क्षमता ये सभी मिलकर बचपन की यादों को खास बनाते हैं। यही वजह है कि बचपन के लम्हे आज भी दिल के बेहद करीब महसूस होते हैं, जबकि हाल की बातें जल्दी भूल जाती हैं।
यह भी पढ़ें- Attendant Recruitment 2026: 10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, जानें आवेदन और चयन प्रक्रिया



