Shahid Kapoor: विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ओ’ रोमियो का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। करीब 1 मिनट 35 सेकंड के इस टीजर में शाहिद कपूर एक बार फिर अपने पुराने रॉ और वायलेंट अंदाज में लौटते नजर आ रहे हैं। प्यार, बदले, विश्वासघात और खून-खराबे से भरी यह झलक दर्शकों को ‘कमीने’ की याद दिला रही है।
टीजर में Shahid Kapoor का लुक और उनकी बॉडी लैंग्वेज साफ संकेत देती है कि यह फिल्म सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं, बल्कि इमोशन और हिंसा का जबरदस्त मेल होने वाली है। उनके फैंस इस कमबैक को लेकर खासे उत्साहित हैं और फिल्म पहले ही ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हो चुकी है।
एक्शन और हिंसा से भरपूर है ‘ओ’ रोमियो का टीजर
टीजर की शुरुआत Shahid Kapoor के किरदार से होती है, जहां वह एक यॉट पर सवार दिखाई देते हैं। बैकग्राउंड से कोई उन्हें ‘छोटू’ कहकर पुकारता है और यहीं से उनका उग्र रूप सामने आता है। गुस्से में चिल्लाते हुए शाहिद बाहर निकलते हैं काउबॉय हैट, काली बनियान, भारी ज्वेलरी और पूरे शरीर पर बने टैटू उनके खतरनाक किरदार को और भी असरदार बना देते हैं। यह झलक साफ करती है कि ‘ओ’ रोमियो में शाहिद कपूर का किरदार हिंसा और जुनून की हद तक जाने वाला है।
Toxic Controversy: यश की ‘टॉक्सिक’ के टीजर पर बवाल, इंटीमेट सीन को लेकर दर्ज हुई शिकायत
फरीदा जलाल का डायलॉग बना टीजर की जान
टीजर में अचानक माहौल बदलता है और स्क्रीन पर नजर आती हैं फरीदा जलाल, जिनका ममतामयी और शांत किरदार कहानी को गहराई देता है। उनका डायलॉग सीधे दिल पर वार करता है, ‘प्यार में ऊंचे उठो, तो रोमियो और डूब गए तो चूया।’ इसके बाद तृप्ति डिमरी की एंट्री होती है, जिनकी मौजूदगी Shahid Kapoor के उग्र स्वभाव को शांत करती नजर आती है। यही मोड़ फिल्म को सिर्फ एक एक्शन ड्रामा से आगे ले जाकर इमोशनल लव स्टोरी का रूप देता है।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है विशाल भारद्वाज की फिल्म
‘ओ’ रोमियो में Shahid Kapoor के अलावा नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी, अविनाश तिवारी, दिशा पाटनी और तृप्ति डिमरी जैसे मजबूत कलाकार नजर आएंगे। इसके साथ ही फिल्म में अरुणा ईरानी, हुसैन दलाल, रेश लांबा और राहुल देशपांडे भी अहम भूमिकाओं में हैं। विशाल भारद्वाज की फिल्मों की खासियत रही है गहरे किरदार और सशक्त संवाद, और टीजर देखकर यही उम्मीद ‘ओ’ रोमियो से भी बंधती है।
फैंस बोले- ‘कमीने’ वाला शाहिद वापस आ गया
टीजर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन तेज हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘यह दुनिया ‘कमीने’ की याद दिलाती है, निर्देशन वाकई शानदार लग रहा है। वापसी अब और भी खतरनाक होगी!’ वहीं दूसरे फैन ने कमेंट किया, ‘बॉलीवुड 2026 में वाकई शानदार होने वाला है। धुरंधर 2, ओ रोमियो, किंग, लव एंड वॉर, रामायण सब इसी साल रिलीज होंगी।’
क्यों खास है ‘ओ’ रोमियो?
‘ओ’ रोमियो सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि प्यार, धोखा, बदला और हिंसा की उस दुनिया की झलक है, जहां हर फैसला जानलेवा साबित हो सकता है। शाहिद कपूर का यह अवतार उनके करियर के सबसे इंटेंस किरदारों में से एक माना जा रहा है। टीजर ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि विशाल भारद्वाज और शाहिद कपूर की यह जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को सीट से बांधने वाली है।



