Bihar Next CM: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रही खींचतान के बीच केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने एक बड़ा बयान देकर सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। जहां एक ओर जेडीयू के भीतर नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी के रूप में उनके बेटे निशांत कुमार के नाम की चर्चाएं गर्म हैं, वहीं चिराग पासवान ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से होना चाहिए। चिराग के इस रुख ने न केवल विपक्ष के दावों को हवा दी है, बल्कि एनडीए के भीतर भविष्य के नेतृत्व को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की उन मांगों को भी सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की बात कही जा रही थी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वे फिलहाल किसी भी मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केंद्र में सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को ही उन्होंने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। इसके साथ ही चिराग ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनकी आगामी ‘नई पारी’ के लिए शुभकामनाएं देते हुए यह संकेत भी दे दिया कि बिहार में सत्ता के समीकरण अब एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहे हैं। (Bihar Next CM)
‘कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान
अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार उठ रही ‘चिराग फॉर सीएम’ की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग ने कहा, ‘कार्यकर्ताओं की भावनाओं का मैं सम्मान करता हूं। लेकिन मैं इस बात को स्पष्ट कर दूं कि किसी भी तरीके से मैं ऐसी किसी रेस में नहीं हूं। मेरे पास केंद्र में प्रधानमंत्री द्वारा दी गई एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उसी जिम्मेदारी को निभाना मेरी प्राथमिकता है।’ उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि उनका लक्ष्य फिलहाल बिहार का मुख्यमंत्री बनना नहीं, बल्कि केंद्र में रहकर राज्य और देश की सेवा करना है। (Bihar Next CM)
नीतीश कुमार की विदाई या नई शुरुआत? राज्यसभा चुनाव से पहले पटना में बैठकों का महादौर
चिराग का बड़ा दांव
बिहार में भविष्य के नेतृत्व पर चर्चा करते हुए चिराग पासवान ने पहली बार खुलकर अपनी पसंद जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘मैं ये मानता हूं कि अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राज्य में होना चाहिए। लेकिन इन तमाम बातों पर मुहर गठबंधन के भीतर जल्द लगेगी।’ चिराग का यह बयान ऐसे समय में आया है जब जेडीयू खेमे से निशांत कुमार के नाम को आगे बढ़ाया जा रहा है। चिराग के इस रुख को बीजेपी के लिए एक मजबूत समर्थन और जेडीयू के लिए एक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। (Bihar Next CM)
नीतीश की ‘नई पारी’ पर सस्पेंस और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने या राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच चिराग ने कहा, ‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं, मैं अपनी तरफ से उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।’ उनके इस बयान के बाद यह सवाल और गहरा गया है कि क्या नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने वाले हैं? चिराग ने यह भी स्पष्ट किया कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका निर्णय एनडीए गठबंधन के भीतर बहुत जल्द लेकर जनता को सूचित कर दिया जाएगा। (Bihar Next CM)
Brigade Parade Ground Kolkata: PM मोदी की कोलकाता रैली से पहले हाई अलर्ट, SPG ने हटवाया मेन स्टेज
‘एनडीए में कोई बिखराव नहीं’
राज्यसभा चुनाव में एनडीए की एकजुटता का हवाला देते हुए चिराग पासवान ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि एनडीए में बिखराव हो, लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा। चिराग ने कहा, ‘आज भी राज्यसभा चुनाव में हमने एकजुट होकर मतदान किया। विपक्ष बिखरा हुआ दिखा।’ उन्होंने दावा किया कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई उथल-पुथल नहीं होने वाली है। (Bihar Next CM)



