Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए है कि अब इन्होंने पुलिसकर्मियों को भी पीटना शुरु कर दिया। ताजा मामला सिकरीगंज थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव का है, जहां बीते दिन रविवार शाम चौकी इंचार्ज राकेश कुमार और सिपाही विनीत कुमार को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा गया। चौकी इंचार्ज राकेश पिटाई से बेहोश हो गए। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फोर्स ने दोनों को अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया है। जहां से दरोगा और सिपाही को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15 नामजद और 25 अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। दो आरोपी हिरासत में लिए गए हैं।
Uttar Pradesh : अब पढ़े पूरा मामला…
दरअसल, सिकरीगंज थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में श्रवण यादव रविवार को बाइक से दुघरा चौराहे पर कंबाइन की बेयरिंग लेने जा रहे थे। इस बीच सामने से आ रहे उनके पट्टीदार राजन से बाइक आगे-पीछे करने को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी। जिसके कुछ देर बाद श्रवण यादव ने पुलिस को डायल-112 के जरिए सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवा दिया। और वापस लौट गई। लेकिन शाम को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव करने लगे। जिसके बाद श्रवण यादव ने दोबारा पुलिस को बुलाया। दुघरा चौकी इंचार्ज राकेश कुमार और सिपाही विनीत कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन इस बार श्रवण पक्ष ने चौकी इंचार्ज राकेश कुमार पर देरी से आने और दूसरे पक्ष से मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए उन्हें बंधक बना लिया और भीड़ में शामिल लोग राकेश को पीटने लगे। सिपाही विनीत ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी कमरे में बंद कर पीटा।

फिलहाल, मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।



