UP News : उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ओलंपियन और पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को उनके अद्वितीय खेल योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्रदेश के पुलिस प्रमुख और डीजीपी प्रशांत कुमार ने खुद वंदना को सम्मानित करते हुए उनके 15 साल के गौरवशाली करियर की सराहना की।
UP News : खेल की दुनिया में वंदना का योगदान
हरिद्वार के रोशनाबाद की रहने वाली वंदना कटारिया ने अपने खेल जीवन की शुरुआत मेरठ के एनएएस कॉलेज मैदान से की थी। कठिन मेहनत और लगन के बल पर वे राष्ट्रीय टीम तक पहुंचीं और देश को कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गौरवान्वित किया। रियो ओलंपिक 2016 में उन्होंने टीम इंडिया को 12वें और टोक्यो ओलंपिक 2020 में चौथे स्थान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता, वहीं एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के 2016, 2022 और 2023 संस्करणों में भारत ने गोल्ड मेडल अपने नाम किए—वंदना इन सभी सफलताओं की केंद्रीय कड़ी रहीं। वंदना कटारिया को उनकी उपलब्धियों के लिए देश ने भी खूब सराहा है। उन्हें 2021 में अर्जुन अवॉर्ड और धनराज पिल्लै पुरस्कार मिला, जबकि 2022 में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
UP News : डीजीपी ने कही ये बात
डीजीपी प्रशांत कुमार ने इस मौके पर कहा कि वंदना कटारिया जैसी खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उनका संघर्ष, समर्पण और सफलता नई पीढ़ी को भी आगे बढ़ने और देश के लिए कुछ कर दिखाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी पुलिस भविष्य में भी खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजनों को जारी रखेगी।
यह भी पढ़े…
