UP News : रविवार सुबह फर्रुखाबाद जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बदायूं पुलिस के छह जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह सभी पुलिसकर्मी नियुक्ति पत्र लेने के लिए लखनऊ जा रहे थे, जब उनकी बोलेरो वाहन की एक ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
UP News : बोलेरो के उड़े परखच्चे
हादसा सुबह करीब 5:45 बजे ग्राम उबरीखेड़ा के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान एसआईएम परवेन्द्र मलिक, एएसआईएम प्रदीप चौधरी, एएसआईएम सोनू, मयंक तिवारी, आरक्षी बॉबी और हेड कांस्टेबल (चालक) जितेंद्र सरोहा के रुप में हुई है। सभी को तत्काल जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
UP News : एसपी और एएसपी ने लिया जायज़ा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह स्वयं अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि इलाज में कोई कोताही न हो और हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर ग्राम हाजी नगला और उबरीखेड़ा के बीच हुई, जो खुदागंज थाना क्षेत्र में आता है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े…
UP News : यूपी पुलिस में शामिल हुए नए सिपाही का छलका दर्द कहा- ‘चूल्हा-चौका छोड़ लगाई दौड़…’
