Tax on Two Wheelers : मीडिया ने टैक्स लगने की कबुली थी बात
देशभर में बाइक और स्कूटर चलाने वालों के लिए राहत भरी खबर आई है। बीते दिनों कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा यह दावा किया गया था कि 15 जुलाई 2025 से नेशनल हाईवे (NHAI) पर दो-पहिया वाहनों से भी टोल टैक्स वसूला जाएगा। इस खबर के वायरल होते ही करोड़ों टू-व्हीलर चालकों में चिंता की लहर दौड़ गई थी। हालांकि, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्वयं इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि टू-व्हीलर्स से टोल वसूलने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए सोशल मीडिया पर एक ट्वीट कर स्थिति साफ की।
Tax on Two Wheelers : जानें क्या हैं पूरी खबर ?
गडकरी ने अपने ट्वीट में लिखा कि “कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा दो-पहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाए जाने की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। ऐसा कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं है। दो-पहिया वाहनों को टोल से पूर्ण छूट जारी रहेगी।” उन्होंने आगे कहा कि बिना सच्चाई जाने इस तरह की खबरें फैलाना पत्रकारिता की विश्वसनीयता को कमजोर करता है, और ऐसी सनसनीखेज रिपोर्टिंग की वह कड़ी निंदा करते हैं। इस बयान के बाद स्पष्ट हो गया है कि वर्तमान में और भविष्य में भी टू-व्हीलर्स से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा।
गौरतलब है कि भारत में टोल टैक्स केवल चार पहिया या उससे बड़े वाहनों से ही वसूला जाता है। दो-पहिया वाहनों को हमेशा से ही टोल टैक्स से छूट प्राप्त रही है। इसके अलावा, आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, रक्षा सेवाओं की गाड़ियां और कुछ वीआईपी वाहनों को भी टोल टैक्स से पूर्ण छूट दी जाती है। गडकरी के इस स्पष्ट और सटीक बयान से उन सभी अफवाहों पर विराम लग गया है, जो सोशल मीडिया और कुछ चैनलों के माध्यम से फैलाई जा रही थीं। देश के करोड़ों टू-व्हीलर चालकों को अब किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़े-
UP News : प्रेमिका के पिता को फंसाने के चक्कर मे हो गया खेल, जान से हाथ धो बैठा आशिक…
