Plane Crash : गुरुवार दोपहर एक भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 12 क्रू मेंबर भी शामिल थे। दुखद रूप से इस हादसे में 241 लोगों की जान चली गई, जबकि केवल एक यात्री चमत्कारिक रूप से जीवित बच सका।
Plane Crash : अंतरराष्ट्रीय यात्री भी थे सवार
हादसे में जान गंवाने वालों में 169 भारतीय नागरिक, 52 ब्रिटिश नागरिक, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल हैं। एयर इंडिया की यह फ्लाइट लंदन के लिए रवाना हो रही थी। इस हादसे में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से ताल्लुक रखने वाले डॉक्टर दंपती – डॉ. कोमी व्यास और डॉ. प्रतीक जोशी – अपने तीन बच्चों प्रद्युत, मिराया और नकुल के साथ सवार थे। दुर्घटना से ठीक पहले परिवार ने एक सेल्फी ली थी, जो अब उनके आखिरी क्षणों की याद बन चुकी है।
डॉ. कोमी ने हाल ही में उदयपुर के पैसिफिक हॉस्पिटल से इस्तीफा दिया था और पति डॉ. प्रतीक के साथ लंदन जाकर नया जीवन शुरू करने की तैयारी कर रही थीं। दोनों को लंदन के निजी अस्पतालों में नई नौकरियों की शुरुआत करनी थी। बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए पूरा परिवार लंदन शिफ्ट हो रहा था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, और हादसे में पूरे परिवार की दर्दनाक मौत हो गई। इसी फ्लाइट से एक अन्य यात्री खुशबू भी लंदन जा रही थीं, जहां उनके पति रहते हैं। घर से उनकी विदाई के भावुक दृश्य अब परिजनों की आंखों से नहीं उतर रहे।
Plane Crash : पूरे देश में शोक की लहर
इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री कार्यालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, और जीवित बचे एकमात्र यात्री का इलाज अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
