Meerut News : मेडिकल कॉलेज अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार रात मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती 13 वर्षीय किशोरी के साथ वार्ड में मौजूद एक युवक ने दुष्कर्म किया। किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Meerut News : ऑपरेशन के बाद वार्ड में भर्ती थी किशोरी
पीड़ित किशोरी मेरठ के इंचौली क्षेत्र की रहने वाली है। जानकारी के मुताबिक, उसका हाथ जन्म से ही टेढ़ा था। उसे 20 जून को मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक विभाग में भर्ती कर ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद उसे वार्ड में रखा गया था, जहां उसकी मां उसके साथ मौजूद थी।
Meerut News : वार्ड में ही आरोपी का भाई था भर्ती
उसी वार्ड में उत्तराखंड के काशीपुर निवासी मोहित नामक युवक भी भर्ती था। उसकी देखभाल के लिए उसका छोटा भाई रोहित (20) वार्ड में मौजूद था। आरोप है कि शनिवार रात किशोरी की मां कुछ सामान लेने नीचे गई थी, इसी दौरान रोहित ने वार्ड में ही किशोरी से दुष्कर्म किया। जब मां वापस लौटी, तो किशोरी ने रोते हुए उसे आपबीती बताई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
Meerut News : पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद रविवार शाम को आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी को काशीपुर (उत्तराखंड) से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Meerut News : मेडिकल कॉलेज प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। वारदात के बाद लंबे समय तक प्रशासन ने इसे छिपाए रखा और कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया। मामले के प्रकाश में आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गहरी चिंता जताई जा रही है।
