Mahakumbh 2025 : मुंबई पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवा कारोबारियों से बात करते हुए बताया कि महाकुंभ में शिवालय पार्क की लागत 14 करोड़ थी। 21 दिन में इसे तैयार करने वाली संस्था ने लागत के साथ 14 करोड़ मुनाफा भी कमा लिया। आप उद्यमी हैं, कल्पना कर सकते हैं कि इतनी तेजी से किसी बिजनेस में मुनाफा हो सकता है। अगर आस्था को सम्मान दिया गया होता तो आज प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था कहां पहुंची होती।
Mahakumbh 2025 : 53 करोड़ लोग डुबकी लगा चुके
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ में अब तक 53 करोड़ लोग डुबकी लगा चुके हैं। अभी 9 दिन यह उत्सव ऐसे ही चलेगा। यह भारत की पोटेंशियल है। महाकुंभ की तैयारियों और प्रयागराज के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 75000 करोड़ रुपए का खर्च हुआ। महाकुंभ आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 60 करोड़ तक पहुंचती है, तो यूपी जीडीपी में 3 से 3.25 लाख करोड़ की अतिरिक्त बढ़ोतरी होनी चाहिए। महाकुंभ के साथ अयोध्या और काशी विश्वनाथ में भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
Mahakumbh 2025 : 28 करोड़ का मुनाफा
आगे अपनी बात रखते हुए सीएम ने कहा कि महाकुंभ में एक सज्जन ने प्रस्ताव दिया कि हम प्रयागराज में कुछ निवेश करना चाहते हैं, जो आस्था के अनुरूप होगा। वे द्वादश ज्योतिर्लिंग की लिपिका बनाना चाहते हैं। एक मॉडल दिखाया कि इस रूप में करना चाहेंगे। इसमें बताया कि हम रॉ मैटेरियल जैसे पुराना लोहा, स्टील से तैयार करेंगे। सरकार से उन्होंने सिर्फ जमीन मांगी थी। पैसा लगाने के साथ-साथ मुनाफे में 50-50 प्रतिशत हिस्सा देने का एग्रीमेंट प्रयागराज नगर निगम से किया। ये पार्क 10 जनवरी को तैयार हुआ। 10 से 31 जनवरी के बीच महज 21 दिन में ये संस्था अपनी लागत 14 करोड़ रुपए के अलावा 28 करोड़ का मुनाफा कमाकर आधी राशि नगर निगम को भी दे चुकी है।
कोई और बिजनेस ऐसा है कि 21 दिन में लागत से अधिक मुनाफा कमा ले। ये धार्मिक आयोजन से ही संभव है। यहां लाखों लोगों को रोजगार मिला है। सीएम योगी ने युवा कारोबारियों से कहा कि जैसा एहसास आपको अयोध्या में होगा। वैसी ही अनुभूति प्रयागराज, अयोध्या, काशी, मथुरा, चित्रकूट में होगी। जब हमने अयोध्या की सड़क की चौड़ाई बढ़ाई तब भी ये लोग विरोध कर रहे थे। ये लोग काशी विश्वनाथ धाम का विरोध कर रहे थे। उनका काम विरोध करना है। हमारी सरकार ऐसे विरोध के बीच रास्ता निकाल कर दूरगामी सोच के साथ काम करती है, तब परिणाम आता है।