Jagannathpuri Temple : प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर में सेवक के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पुजारी जगन्नाथ दीक्षित की दिनदहाड़े हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुजारी का शव पटजोशी नामक व्यक्ति के घर के सामने खून से लथपथ हालत में मिला। यह पूरी वारदात मंदिर क्षेत्र में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
Jagannathpuri Temple : CCTV में क्या नजर आ रहा
फुटेज में एक व्यक्ति को पुजारी का शव दरवाजे के बाहर फेंकते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति पटजोशी है, जो दीक्षित से पैसे को लेकर विवाद में था। बताया जा रहा है कि जब पुजारी ने उससे अपना पैसा वापस मांगा, तो उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
Jagannathpuri Temple : दिनदहाड़े हुई हत्या
घटना की जानकारी मिलते ही पुरी सिटी के डीएसपी प्रशांत कुमार साहू, टाउन पुलिस स्टेशन के आईआईसी के साथ मौके पर पहुंचे। एक वैज्ञानिक जांच टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दीक्षित का शव पोस्टमार्टम के लिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) भेजा गया है। पुरी के एसपी विनीत अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या का कारण व्यक्तिगत दुश्मनी प्रतीत हो रहा है। CCTV फुटेज को जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे का असली कारण विस्तृत जांच के बाद स्पष्ट होगा। मंदिर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई यह हत्या, वह भी भारी सुरक्षा के बावजूद, प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
