Ghaziabad News : गाजियाबाद जिले में आज शनिवार सुबह सिलेंडर से भरे चलते ट्रक में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल, हाईवे पर 150 सिलेंडर 30 मिनट तक फटते रहे। हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे बना गोदाम ढह गया। सिलेंडर 100 मीटर दूर आसपास के मकानों में गिर रहे थे, इससे 2-3 घर में आग लग गई। आग की लपटें और धमाके की आवाज करीब 3 किमी दूर तक सुनाई दी। रुक-रुककर सिलेंडर फटने लगे। आग इतनी भीषण थी कि आस-पास खड़े वाहन जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि ड्राइवर चलते ट्रक से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई।
Ghaziabad News : कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना टीला मोड़ क्षेत्र के भोपुरा चौक दिल्ली-वजीराबाद रोड की है। CFO राहुल पाल का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आग शार्ट सर्किट से लगी है। कोई जनहानि नहीं हुई है। आज सुबह 4:35 बजे LPG सिलेंडर से भरे एक ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। आसपास के मकानों को खाली कराया गया। 2-3 मकानों और कुछ गाड़ियों में आग लग गई थी। आग पर काबू पा लिया है।
Ghaziabad News : स्थानीय लोगों ने क्या बताया ?
लोगों का कहना है कि सुबह साढ़े 4 बजे हम लोग पहुंचे, तो जलते हुए सिलेंडर हवा में उड़ रहे थे। जैसे आग का गोला गिर रहा हो। लकड़ी के गोदाम में आग लगने से ज्यादा नुकसान हुआ है। ये अच्छा रहा कि कोई जनहानि नहीं हुई। जलते हुए सिलेंडर गिरने से 3 घरों में आग लग गई।



