Ghaziabad Crime: गाजियाबाद जनपद के लोनी क्षेत्र में अंकुर विहार थाना पुलिस ने रविवार सुबह एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे एक वांछित युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी चमन विहार अंडरपास से की गई।
सहायक पुलिस आयुक्त (अंकुर विहार) अजय कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन पहले दिल्ली के थाना सब्जी मंडी नार्थ से दर्ज एक दुष्कर्म मामले की जीरो एफआईआर को अंकुर विहार थाना स्थानांतरित किया गया था। जांच में पाया गया कि घटना स्थल अंकुर विहार थाना क्षेत्र में आता है।
पीड़िता ने आरोपित युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। आरोपी की पहचान के बाद पुलिस ने छानबीन तेज करते हुए उसे चमन विहार अंडरपास से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने कबूल किया कि वह करीब 10 महीने पहले दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में पीड़िता से मिला था और अक्सर उसके साथ मोबाइल पर बातचीत करता था। इसके बाद वह करीब एक माह तक अंकुर विहार थाना क्षेत्र में युवती के साथ रहा।
फिलहाल पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है
