रिपोर्टर- राहुल कुमार
Delhi News : दिल्ली विधानसभा में आज एक ऐतिहासिक पहल के अंतर्गत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत भी हुई, जिसका उद्देश्य दिल्ली विधानसभा की कार्यवाहियों को पूर्ण रूप से डिजिटल और पेपरलेस बनाना है। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण सत्र में भाग लेकर NeVA के कार्यप्रणाली, तकनीकी पक्ष और संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी ली।
Delhi News : “वन नेशन, वन एप्लीकेशन” विज़न की ओर सशक्त कदम
मुख्यमंत्री श्रीमती गुप्ता ने NeVA पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वन नेशन, वन एप्लीकेशन” विज़न को मूर्त रूप देने वाला प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव न सिर्फ कार्यकुशलता बढ़ाएगा, बल्कि पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी बेहद उपयोगी होगा। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक श्री अभय वर्मा, कैबिनेट मंत्री श्री साहिब सिंह वर्मा और अन्य विधायकगण भी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना की।
Delhi News : डिजिटल प्लेटफॉर्म से होगी विधायी प्रक्रिया पारदर्शी और तीव्र
NeVA के अंतर्गत विधानसभा की कार्यवाही, प्रश्नोत्तर, विधेयक, अधिनियम और दस्तावेजों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विधायी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुलभ और तीव्र होगी। डिजिटलाइजेशन के माध्यम से कागज की खपत में भारी कमी आएगी, जिससे सरकारी खर्च में भी कटौती संभव होगी।
Delhi News : विधायकों को तकनीकी दक्षता दिलाने पर जोर
प्रशिक्षण सत्र में विधायकों और अधिकारियों को NeVA एप के उपयोग, संचालन और संभावित लाभों की जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण उन्हें आने वाले समय में डिजिटल माध्यम से कार्य निष्पादन के लिए दक्ष बनाएगा। इस तरह दिल्ली विधानसभा ने डिजिटल लोकतंत्र की दिशा में एक सशक्त और दूरदर्शी कदम बढ़ाया है।
यह भी पढ़े- Ghaziabad News : झमाझम बारिश से बढ़ा कांवड़ियों का उत्साह, शिवरात्रि पर भीगते हुए किए शिव के दर्शन



