Delhi Elections 2025 : देश की राजधानी दिल्ली में आज बुधवार को सुबह 7 बजे विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, दिल्ली के LG वीके सक्सेना, राहुल गांधी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी वोट डाल चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 9 बजे तक 8.10% वोटिंग हो चुकी है।
Delhi Elections 2025 : 6 बजे तक डाल सकते है वोट
आपको बता दें कि दिल्ली में 1.56 करोड़ लोग शाम 6 बजे तक वोट डाल सकते है। इसके लिए करीब 13 हजार पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
Delhi Elections 2025 : दिल्ली की CM आतिशी ने वोट डाला
वोट डालने के बाद सीएम आतिशी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ये सिर्फ चुनाव नहीं, धर्म युद्ध है। ये सत्य और असत्य की लड़ाई है। ये काम और गुंडागर्दी की लड़ाई है। एक तरफ पढ़े-लिखे, ईमानदार लोग हैं, दूसरी तरफ गाली-गलौज करने वाले लोग हैं। दिल्ली के लोग काम करने वालों, ईमानदार को जिताएंगे और बुराई को हराएंगे। दिल्ली पुलिस कुछ भी कर सकती है। वे खुल्लमखुल्ला बीजेपी के लिए काम कर रही है। बीजेपी वोटर्स को डरा रही है। बीजेपी के ठिकानों पर दिल्ली पुलिस नहीं आती। चुनाव आयोग का फ्लाइंग स्क्वॉड भी कुछ नहीं करता।
वहीं दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि जनता से अपील है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट करें। शाम को वोटिंग खत्म हो तो इसका रिकॉर्ड बनाएं।
पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आज दिल्ली में लोकतंत्र का पर्व है। मेरी दिल्ली के सभी वोटर्स से अपील है कि वे अपने डेमोक्रेटिक राइट यानी वोट डालने के अधिकार का प्रयोग जरूर करें, ताकि दिल्ली एक विकसित राजधानी बन सके। 8 तारीख को दिल्ली में कमल खिलेगा। दिल्ली में लंबे समय से कुशासन चल रहा है। सड़क, पानी, बिजली, ड्रेनेज जैसी सभी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। इसे बदलने के लिए देवतुल्य मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग जरूर करें।



