Delhi Budget 2025 : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज विधानसभा में दिल्ली का एक लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह बजट खास इसलिए है क्योंकि बीजेपी सरकार 27 साल बाद दिल्ली में बजट पेश कर रही है। इस बजट में दिल्ली सरकार ने राजधानी में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का ऐलान किया, जिनमें कैमरे, फ्लाइओवर, अटल कैंटीन, आयुष्मान योजना और महिला समृद्धि योजना शामिल हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के पूर्व नेतृत्व ने जो लंदन बनाने के सपने दिखाए थे, उन्होंने केवल टूटी सड़कें, अधूरी परियोजनाएं और अराजक राजधानी ही छोड़ दी। पढ़े इस ऐतिहासिक बजट में क्या है खास…
Delhi Budget 2025 : वरिष्ठ नागरिकों को 2500 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 9780 करोड़ रुपए समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास और SC-ST, OBC विभाग के लिए दिए गए हैं। इससे 9 लाख लोगों को फायदा पहुंचेगा। वरिष्ठ नागरिकों को 2500 करोड़ रुपए देने का प्रावधान है। 70 साल से अधिक उम्र के लोगो को 3000, एएसी-एसटी को अतिरिक्त 500 रुपए दिए जाएंगे। विकलांगों को 2500 रुपए से बढ़ाकर 3000 रुपए दिए जाएंगे, जिसके लिए कुल 3227 करोड़ का प्रावधान है।
Delhi Budget 2025 : शीशमहल बनेगा पर्यटन स्थल
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि टूरिज्म आर्ट लैंग्वेज और कल्चर के लिए 117 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। ये पिछले बजट से दोगुना है। सोनिया विहार में नौकायन किया जाएगा। नई जनरेशन को दिल्ली से जोड़ने के लिए 25 करोड़ रुपए रखे गए हैं। दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए 30 करोड़ का फंड रखा गया है। साथ ही साथ पर्यटन में शीशमहल भी शामिल किया जाएगा।
Delhi Budget 2025 : छात्रों को बांटे जाएंगे लैपटॉप
बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए 1500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 100 सरकारी स्कूलों में विदेशी भाषा सिखाएंगे, इसके लिए 21 करोड़ खर्च किए जाएंगे। 1.5 करोड़ की लागत से बच्चों को आर्ट ऑफ लिविंग सिखाएंगे। 7000 क्लास को स्मार्ट क्लास बनाई जाएंगी। 1200 बच्चों को साढ़े 7 करोड़ की लागत से लैपटॉप दिया जाएगा, जोकि 10 से 11वीं में जाएंगे। नींव प्रोजेक्ट के लिए 20 करोड़, तकनीकी शिक्षा के लिए 618 करोड़ रुपए, नरेला में एजुकेशन हब बनाने के लिए 500 करोड़ रुपए और ITI के लिए 20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
Delhi Budget 2025 : दिल्ली में खुलेंगे 60 नए सीएम श्री स्कूल
सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार आगामी सत्र 2025-26 से 60 नए सीएम श्री स्कूल खोलने जा रही है, जो पूरी तरह से नई शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप होंगे और स्कूल शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम रूपरेखा (एनसीएफएससी) 2023 को लागू करेंगे। इस नई योजना सीएम श्री स्कूल के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव है।
