Corona Update : कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर चिंता का कारण बनने लगे हैं। राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में कोविड-19 के मामलों में तेज़ उछाल देखा गया है। 19 मई तक दिल्ली में जहां केवल 24 एक्टिव केस थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 104 तक पहुंच गई है। एक ही हफ्ते में 99 नए मामले सामने आए हैं, हालांकि इस दौरान 19 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
Corona Update : देशभर में 1000 से ज्यादा एक्टिव केस
स्वास्थ्य मंत्रालय की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार सुबह 11 बजे तक देशभर में कोरोना के कुल एक्टिव मामले 1009 तक पहुंच चुके हैं। सबसे ज़्यादा एक्टिव केस केरल (430) में हैं, इसके बाद महाराष्ट्र (209) और फिर दिल्ली (104) का स्थान है। गुजरात में भी कोरोना संक्रमण की सक्रियता बढ़ रही है, जहां अभी 83 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे संक्रमण की नई लहर की आशंका के रूप में देख रहे हैं और सतर्कता की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं। कोरोना के मामलों में उछाल को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 3 दिन पहले एक एडवाइजरी जारी की थी। इसके तहत सभी अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, जरूरी दवाओं और वैक्सीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कहा गया है कि कोविड पॉजिटिव पाए गए सभी मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए LNJP अस्पताल भेजे जाएं।
Corona Update : रांची में मिला पहला केस
झारखंड में भी कोरोना की नई लहर ने दस्तक दे दी है। राजधानी रांची में रविवार को कोरोना का पहला मामला सामने आया। संक्रमित मरीज हाल ही में मुंबई से लौटा था, और फिलहाल रांची के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने पुष्टि की है कि यह मौजूदा लहर में राज्य का पहला आधिकारिक मामला है। उन्होंने बताया कि मरीज की स्थिति स्थिर है और कोई गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं।
