Arvind Kejriwal News : बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया जाने की घटना पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने BJP की राज्य और केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जब इतने बड़े सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं हौ तो आम जनता की क्या बात की जाए। डबल इंजन सरकार लोगों को सुरक्षा देने में फेल है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि देश के प्रसिद्ध एक्टर सैफ अली खान के ऊपर उनके घर में घुस कर हमला किया गया। अभी पता चला है कि उनका अस्पताल के अंदर इलाज चल रहा है। हम उम्मीद करते हैं और भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वो जल्दी ठीक हो जाएं। इतने सुरक्षित स्थान पर रहने वाले एक्टर सैफ अली खान के घर के अंदर रात में घुसकर बदमाशों द्वारा उनपर चाकू से हमला कर देना, राज्य सरकार और केंद्र सरकार के ऊपर बड़ा प्रश्न खड़ा करती है।
Arvind Kejriwal News : गैंगस्टर के ऊपर किसी का संरक्षण
आगे पूर्व CM ने कहा कि इसका साफ मतलब है कि दोनों ही सरकारें लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रही हैं। बॉम्बे में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। सलमान खान के घर के बाहर शूटआउट हुआ। बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई। बाबा सिद्दीकी तो एनडीए के ही पार्टनर थे। देश के इतने बड़े-बड़े सेलिब्रिटी ही सुरक्षित नहीं हैं। गुजरात की जेल में बैठकर एक गैंगस्टर खुलेआम फिरौती कर रहा है और शूटआउट के ऑर्डर दे रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे उसकी सरकार के अंदर अच्छी पैठ है। वह धड़ल्ले से सब कर रहे हैं। उन्हें कोई डर नहीं है। ऐसा लगता है कि उनके ऊपर किसी का संरक्षण है।
Arvind Kejriwal News : इस्तीफा दे दें केंद्र सरकार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि रोज खड़े होकर भाजपा वाले कहते हैं कि रोहिंग्या बॉर्डर क्रॉस करके आते हैं। अगर केंद्र सरकार से बॉर्डर सुरक्षित नहीं हो पा रहा तो इस्तीफा दे दें। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इनसे देश के सेलिब्रिटी की सुरक्षा नहीं हो रही है। इनसे बॉर्डर की सुरक्षा नहीं हो रही है। इनसे देश की राजधानी की सुरक्षा नहीं हो रही है। दिल्ली में आज खुलेआम गैंगवॉर हो रहा है। व्यापारियों को फिरौती के लिए फोन आ रहे हैं। व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, बच्चे सुरक्षित नहीं है। दिल्ली से रोज 17 बच्चे गायब हो रहे हैं। आज डबल इंजन की सरकार ना तो अच्छी सरकार दे सकती है और ना ही देश को सुरक्षा दे सकती है। हम सैफ अली खान के ऊपर हुए कायराना हमले की निंदा करते हैं।
यह भी पढ़े…
